काशीपुर में मनचले युवक की हरकतों से परेशान एक नाबालिग छात्रा ने स्कूल जाना बंद कर दिया है। परिजनों का कहना है कि पुलिस से कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। न्याय की गुहार लगाते हुए परिवार ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है और चेतावनी दी है कि यदि आरोपी पर सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो वे आत्मदाह करने को विवश होंगे।

आईटीआई थाना क्षेत्र की एक महिला ने सीएम को लिखे पत्र में बताया कि उनकी बेटी सरकारी कॉलेज में नौवीं कक्षा में पढ़ती है। कॉलोनी का ही युवक स्कूल आते-जाते समय छात्रा के साथ अश्लील हरकतें करता है और फब्तियां कसता है। डर और तनाव के चलते छात्रा ने पढ़ाई छोड़ दी। परिवार ने उसकी सुरक्षा के लिए उसे रिश्तेदारों के यहां भेजा, लेकिन आरोपी वहां भी अलग-अलग नंबरों से धमकी भरे कॉल कर रहा है।
छात्रा के भाई ने बताया कि जुलाई में आईटीआई थाना पुलिस को तहरीर दी गई थी, मगर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। सोमवार को पीड़ित परिवार ने नगर निगम कार्यालय में महापौर दीपक बाली से मुलाकात कर न्याय की मांग की। महापौर ने भरोसा दिया कि पुलिस अधिकारियों से बात कर जल्द ही सख्त कार्रवाई कराई जाएगी।
इस मामले में सीओ काशीपुर दीपक सिंह ने कहा कि प्रकरण की जानकारी उन्हें नहीं थी, लेकिन अब इसकी जांच कराई जाएगी। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और यह भी जांच होगी कि थाने में रिपोर्ट दर्ज क्यों नहीं की गई।