जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से ऊधमसिंह नगर पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति के निर्देशन में विशेष किरायेदार सत्यापन अभियान चलाया। अभियान के दौरान बिना पुलिस सत्यापन के रह रहे किरायेदारों और उन्हें आश्रय देने वाले मकान मालिकों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई।

पुलिस की जांच में कई मकान मालिक अपने किरायेदारों का अनिवार्य सत्यापन कराने में लापरवाही बरतते पाए गए। इस पर पुलिस ने संबंधित मकान मालिकों पर भारी जुर्माना लगाया, जबकि बिना सत्यापन रह रहे किरायेदारों के भी चालान किए गए।
थाना पुलभट्टा क्षेत्र में 3 मकान मालिकों पर ₹10-10 हजार का जुर्माना लगाया गया, जबकि 5 किरायेदारों के ₹250-₹250 के चालान काटे गए।

कोतवाली किच्छा क्षेत्र में 7 मकान मालिकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रत्येक पर ₹10 हजार का जुर्माना लगाया गया। वहीं 2 किरायेदारों पर भी चालानी कार्रवाई की गई।
कोतवाली सितारगंज क्षेत्र में 6 मकान मालिकों पर ₹10-10 हजार का जुर्माना लगाया गया, जबकि 11 किरायेदारों के खिलाफ भी चालान की कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि किरायेदार सत्यापन अभियान जनपदभर में लगातार जारी रहेगा। उन्होंने मकान मालिकों से अपील की कि वे अपने किरायेदारों का समय पर सत्यापन कराएं, ताकि अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को सहयोग मिल सके।

