उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में 18 वर्षीय छात्रा की मौत का मामला सामने आया है। मंडलसेरा क्षेत्र के जीतनगर में किराए के कमरे में रह रही कक्षा 12 की छात्रा का शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान आंचल आर्या (18), पुत्री अजय चंद, निवासी जीतनगर, मंडलसेरा के रूप में हुई है। वह राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी), नुमाइशखेत में कक्षा 12 की छात्रा थी। पढ़ाई के सिलसिले में वह किराए के कमरे में रह रही थी। बताया जा रहा है कि सुबह आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। इसके बाद पंचनामा और पोस्टमार्टम समेत आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।
आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। परिजनों की मौजूदगी में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल छात्रा की मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
इस घटना से छात्रा के परिवार में शोक का माहौल है। वहीं, छात्रा की मौत की खबर से उसके शिक्षण संस्थान और आसपास के क्षेत्र में भी दुख की लहर है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मामले से जुड़ी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
