रुद्रपुर साइबर थाना पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए रिटायर्ड बीएसएफ इंस्पेक्टर से 60 लाख रुपये ठगने वाले फर्जी सीबीआई अफसर को हरियाणा के गुड़गांव से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पीड़ित को मनी लांड्रिंग के झांसे में लेकर 16 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट में रखा था।

एसटीएफ एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि नैनीताल जिले के बेतालघाट निवासी रिटायर्ड इंस्पेक्टर ने जुलाई में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया कि एक व्यक्ति ने खुद को सीबीआई और महाराष्ट्र साइबर क्राइम का अधिकारी बताते हुए व्हाट्सएप कॉल पर कहा कि उनके नाम से खोले गए बैंक खातों में 68 करोड़ रुपये का अवैध लेनदेन हुआ है।
आरोपी ने जांच के बहाने उन्हें व्हाट्सएप वीडियो कॉल पर 16 दिन तक डिजिटल अरेस्ट में रखा, इस दौरान विभिन्न खातों में कुल 60 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए।
मामले की जांच में जुटी इंस्पेक्टर अरुण कुमार की टीम ने तकनीकी साक्ष्य जुटाकर आरोपी की पहचान की और उसे गुड़गांव की न्यू कॉलोनी से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान राजस्थान के अजमेर जिले के ग्राम गोहाना निवासी कमल सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल और दो सिम कार्ड बरामद किए हैं।
फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि क्या इस ठगी में अन्य लोग भी शामिल हैं और क्या आरोपी किसी बड़े साइबर गैंग का हिस्सा है।
