अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा के युवा इनोवेटर रवि टम्टा का फ्लाइंग व्हीकल प्रोटोटाइप इन दिनों चर्चा में है। इसी सिलसिले में रवि टम्टा ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा से मुलाकात की। सर्किट हाउस में हुई बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री ने उनके प्रोटोटाइप, उसकी कार्यप्रणाली और अब तक किए गए परीक्षणों के बारे में विस्तार से जानकारी ली।

रवि ने मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री को अपने फ्लाइंग व्हीकल के डिजाइन, तकनीकी प्रक्रिया और टेस्टिंग से जुड़े अनुभवों के बारे में बताया। अजय टम्टा ने उनके प्रयासों की सराहना करते हुए प्रोजेक्ट की आगे की यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।
अजय टम्टा ने कहा- युवा प्रतिभा को मिलना चाहिए प्रोत्साहन
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि रवि टम्टा का प्रयोग देश की युवा प्रतिभाओं और तकनीकी क्षमता का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्य से निकलकर युवा अगर तकनीक और इनोवेशन के क्षेत्र में नए प्रयोग कर रहे हैं तो यह पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है।
अजय टम्टा ने कहा कि केंद्र सरकार देश में स्टार्टअप और इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने रवि को फ्लाइंग व्हीकल की टेस्टिंग के लिए शुभकामनाएं देते हुए भरोसा दिलाया कि आगे किसी तरह की मदद की आवश्यकता होने पर हरसंभव सहयोग का प्रयास किया जाएगा।
उत्तराखंड में तैयार हुआ ‘Flying’ Vehicle, सड़क छोड़ अब आसमान से घर पहुंचाएगी कार, जानिए कैसे @pushkardhami @ukcmo @DmAlmora @DmNainital
खबर के लिए क्लिक करेंhttps://t.co/cC3pJe4D5Y pic.twitter.com/5AK7HBXCDy— ETVBharat Uttarakhand (@ETVBharatUK) August 7, 2026
सफल परीक्षण का दावा कर चुके हैं रवि
अल्मोड़ा निवासी रवि टम्टा ने फ्लाइंग कार यानी उड़ने वाले वाहन का प्रोटोटाइप तैयार किया है। रवि ने इसके सफल परीक्षण का दावा भी किया है। इस अनोखे प्रयोग के चलते उनकी चर्चा स्थानीय स्तर से आगे बढ़कर व्यापक स्तर पर हो रही है।
रवि का कहना है कि उनका उद्देश्य आधुनिक तकनीक के जरिए ऐसा फ्लाइंग व्हीकल विकसित करना है, जो भविष्य में परिवहन के क्षेत्र में नई संभावनाओं को जन्म दे सके।

मंत्री से मिले प्रोत्साहन के बाद बढ़ी उम्मीदें
केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा से मुलाकात के बाद रवि टम्टा के प्रोजेक्ट को लेकर उम्मीदें और बढ़ी हैं। अब रवि प्रोटोटाइप की तकनीक को और बेहतर बनाने, इसकी क्षमता बढ़ाने और आगे के परीक्षणों पर काम करने की तैयारी में हैं।
रवि का यह प्रयोग उत्तराखंड के युवाओं के बीच बढ़ते तकनीकी इनोवेशन और नए प्रयोगों की तस्वीर भी पेश करता है।
