रुद्रपुर: काशीपुर फ्लाईओवर के पास दो युवकों पर रॉड से हमला किए जाने के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर वाल्मीकि समाज का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सोमवार को रुद्रपुर के अलावा दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाज के लोग नगर निगम परिसर पहुंचे और धरना देकर पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

यह मामला गांधी कॉलोनी निवासी अभिषेक वाल्मीकि और उसके दोस्त जतिन पर हुए हमले से जुड़ा है। पुलिस ने मामले में भाजपा मंडल महामंत्री पारस चुघ, उनके भाई सन्नी सहित करीब एक दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
पुरानी रंजिश में हमला करने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, पुरानी रंजिश को लेकर काशीपुर फ्लाईओवर के पास दोनों युवकों की स्कूटी को टक्कर मारी गई। इसके बाद दोनों पर रॉड से हमला किए जाने का आरोप है। घटना में अभिषेक और जतिन घायल हुए थे।
मुकदमा दर्ज होने के बावजूद नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर सोमवार को वाल्मीकि समाज के लोग नगर निगम परिसर में एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
‘जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो तेज होगा आंदोलन’
धरने पर मौजूद समाज के लोगों ने कहा कि पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए समाज पूरी तरह एकजुट है। उनका कहना है कि जब तक नामजद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस-प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर धरना-प्रदर्शन के साथ अन्य कदम उठाने की बात भी कही गई।
