रुद्रपुर: ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र की शांति विहार कॉलोनी में देर रात एक 48 वर्षीय फैक्ट्री कर्मी का शव कमरे में फंदे से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान भगवत सिंह राणा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मूलरूप से रानीखेत निवासी भगवत सिंह राणा शांति विहार कॉलोनी में अपनी पत्नी कविता देवी और दो बच्चों के साथ किराए के मकान में रहते थे। वह स्थानीय क्षेत्र की एक फैक्ट्री में काम करते थे।
देर रात कमरे में उनका शव फंदे से लटका मिला। घटना का पता चलते ही परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल भगवत सिंह राणा की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की बात पुलिस कह रही है।
