देहरादून: उत्तराखंड में पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं के निरस्तीकरण, परीक्षाओं में देरी और बढ़ती बेरोजगारी जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर कांग्रेस पार्टी अब आक्रामक मोड में आ गई है। पार्टी ने इन विषयों पर प्रदेशभर में जन-जागरण अभियान चलाने का ऐलान किया है।
![]()
अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने समन्वय और संचालन समिति का गठन किया है। समिति में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की सदस्य इशिता को संयोजक बनाया गया है। वहीं, प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विशाल भोजक, एनएसयूआई अध्यक्ष विकास नेगी, युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव मीमांशा, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, तथा युवा कांग्रेस के पूर्व महासचिव अभिमन्यु और वरुण बालियान को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने समिति के सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपते हुए कहा कि सभी नेता पार्टी के निर्देशों का पालन करते हुए अभियान को सफल बनाएं और युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाएं।
कांग्रेस ने तय किया है कि इस अभियान के तहत जिला, महानगर और ब्लॉक स्तर पर व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। हर जिले में प्रेस वार्ताएं की जाएंगी और जनसंपर्क के माध्यम से आम जनता तक इन मुद्दों को पहुंचाया जाएगा।
पार्टी ने जिला और महानगर अध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि वे स्थानीय भाषा में अभियान का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करें। साथ ही राहुल गांधी द्वारा कोटा रैली में दिए गए संदेश को भी जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया है।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि इस अभियान में पेपर लीक, भर्ती प्रक्रिया में देरी, परीक्षाओं के रद्द होने, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था की खामियों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। इसके लिए पार्टी के सभी प्रकोष्ठों, विभागों और सहयोगी संगठनों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि यह अभियान एक बड़े जन-जागरण आंदोलन का रूप लेगा, जिससे छात्रों और युवाओं के मुद्दों को प्रभावी तरीके से जनता के बीच रखा जा सके और मौजूदा शिक्षा एवं परीक्षा प्रणाली की कमियों को उजागर किया जा सके।
