किच्छा/उधम सिंह नगर: किच्छा के इंदिरा गांधी खेल मैदान में चल रहे केपीएल टी-20 नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा ने शिरकत कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने आयोजकों और खेल प्रेमियों से मुलाकात कर आयोजन की सराहना की।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं, जो अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजक मंडल को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और भविष्य में ऐसे और आयोजन कराने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने आयोजकों को रुद्रपुर में भी इसी तरह के टूर्नामेंट आयोजित करने का आमंत्रण दिया।
इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता विवेक दीप सिंह भी उपस्थित रहे। उन्होंने किच्छा में खेल सुविधाओं की कमी पर चिंता जताते हुए महापौर से इंदिरा गांधी खेल मैदान को मिनी स्टेडियम में तब्दील कराने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना समय की जरूरत है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला, जिसने खेल संस्कृति को बढ़ावा देने का सकारात्मक संदेश दिया।
