

नगर निगम की ओर से पीएम स्वनिधि योजना से जुड़े स्ट्रीट वेंडरों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए यह पहल की गई है। मेले में वेंडर दीये, मूर्तियां, सजावटी सामान, हस्तनिर्मित उत्पाद, कपड़े और खाने-पीने की वस्तुओं के स्टॉल लगा सकेंगे। आयोजन में स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दी जाएगी।
पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर मिलेंगे स्टॉल
नगर निगम ने मेले में स्टॉल लगाने के इच्छुक वेंडरों के लिए पंजीकरण शुरू कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार, स्टॉल का आवंटन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। मेले में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए पार्किंग, रोशनी और सुरक्षा की व्यवस्था भी की जाएगी।
यह मेला धनतेरस तक चलेगा। इससे स्ट्रीट वेंडरों को अपने उत्पाद बेचने के लिए एक व्यवस्थित बाजार मिलेगा। वहीं, शहरवासियों को भी एक ही स्थान पर दीपावली की खरीदारी के लिए स्वदेशी सामान उपलब्ध हो सकेगा।
स्वदेशी उत्पादों और छोटे कारोबारियों को मिलेगा बढ़ावा
मेयर विकास शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के स्वदेशी मंत्र को बढ़ावा देने और स्ट्रीट वेंडरों को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मेले का आयोजन किया जा रहा है। इससे वेंडर सम्मान के साथ अपना कारोबार कर सकेंगे।
नगर आयुक्त शिप्रा जोशी ने बताया कि मेले की तैयारियां की जा रही हैं। गांधी पार्क में साफ-सफाई और स्टॉलों की मार्किंग का काम शुरू किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इच्छुक वेंडरों के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और स्टॉल पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर आवंटित किए जाएंगे।
