किच्छा। विधानसभा क्षेत्र किच्छा के ग्राम पक्की खमरिया स्थित श्री गुरुद्वारा साहिब में विकास कार्यों को नई गति देते हुए विधायक तिलक राज बेहड़ ने विधायक निधि से निर्मित टीन शेड एवं फर्श निर्माण कार्य का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेककर प्रदेशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और लोककल्याण के लिए अरदास की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में धार्मिक स्थलों के साथ-साथ बुनियादी सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने और सामाजिक ढांचे को मजबूत बनाने के लिए विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।

इस मौके पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा विधायक का स्वागत एवं सम्मान किया गया। उन्होंने इसके लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहयोग से ही विकास कार्यों को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया जा सकता है।
