रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के वार्ड नंबर 8 में स्मार्ट मीटर लगाए जाने को लेकर विवाद गहराता नजर आया। स्थानीय लोगों, खासकर महिलाओं द्वारा विरोध किए जाने के बीच पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।

बताया जा रहा है कि विद्युत विभाग की टीम क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची थी, जहां कई महिलाओं ने इसका विरोध करते हुए आरोप लगाया कि उन्हें पर्याप्त जानकारी दिए बिना और दबाव बनाकर मीटर लगाए जा रहे हैं।
सूचना मिलने पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल तत्काल मौके पर पहुंचे और विभागीय अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने फिलहाल मीटर लगाने की प्रक्रिया को रोकते हुए टीम को वापस भेज दिया।

इस दौरान ठुकराल ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पारदर्शी और भरोसेमंद होनी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि सबसे पहले भाजपा पदाधिकारियों, पार्षदों और अन्य जनप्रतिनिधियों के यहां मीटर लगाए जाएं, जिससे आम जनता का विश्वास बढ़े।

पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने यह भी कहा कि जनता की सहमति और संतुष्टि के बिना किसी भी योजना को लागू करना उचित नहीं है। उन्होंने प्रशासन से संवेदनशीलता के साथ कार्य करने और लोगों को जागरूक करने की अपील की।
