पौड़ी गढ़वाल। थलीसैंण ब्लॉक की मरोड़ा ग्राम पंचायत की युवा प्रधान विरमा रावत एक वायरल वीडियो को लेकर चर्चा के केंद्र में आ गई हैं। सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे इस वीडियो में ग्राम प्रधान और एक बुजुर्ग व्यक्ति के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है, जिससे क्षेत्र में तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

ग्राम प्रधान का आरोप है कि संबंधित बुजुर्ग व्यक्ति उनके चरित्र को लेकर गलत और भ्रामक बातें फैला रहा था। इसी सिलसिले में जब उन्होंने उससे बातचीत की, तो मामला विवाद में बदल गया। उन्होंने आरोप लगाया कि बहस के दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और हाथ पकड़कर खींचने की कोशिश की गई।
विरमा रावत ने बताया कि पूरे घटनाक्रम को उन्होंने खुद रिकॉर्ड किया, ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके और उनके खिलाफ फैल रही अफवाहों का जवाब दिया जा सके। बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
घटना के बाद उन्होंने थलीसैंण पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया, जहां बुजुर्ग व्यक्ति ने लिखित रूप में माफी मांगी। हालांकि, प्रधान का आरोप है कि इसके बाद भी उन्हें धमकाने का प्रयास किया गया।
ग्राम प्रधान ने बताया कि उन्होंने पद संभालने के बाद गांव में शराबबंदी लागू करने जैसे कड़े फैसले लिए, जिससे कुछ लोग नाराज हैं। उनका कहना है कि इसी कारण उनके खिलाफ साजिशन अफवाहें फैलाई जा रही हैं।
24 वर्षीय विरमा रावत ने 2025 के पंचायत चुनाव में जीत दर्ज की थी। दिल्ली में नौकरी छोड़कर गांव लौटने वाली इस युवा प्रधान ने गांव के विकास के लिए कई पहलें की हैं, जिनमें मोबाइल नेटवर्क सुविधा शुरू कराना भी शामिल है।
वायरल वीडियो के बाद यह मामला सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है। जहां कुछ लोग ग्राम प्रधान के समर्थन में हैं, वहीं कई लोग पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। यह घटना ग्रामीण समाज में महिलाओं की भूमिका और सामाजिक सोच को लेकर नई बहस छेड़ती नजर आ रही है।
