बाजपुर (उधम सिंह नगर)। भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेश कुमार ने आज बरहैनी क्षेत्र में स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय का दौरा कर निर्माण कार्यों और तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश भी दिए।

राजेश कुमार ने कहा कि यह विद्यालय क्षेत्र के बच्चों के लिए आधुनिक शिक्षा का बड़ा केंद्र बनने जा रहा है। यहां छात्रों को बेहतर शिक्षा के साथ कौशल विकास के अवसर भी मिलेंगे, जिससे उनका भविष्य मजबूत होगा।

उन्होंने बताया कि विद्यालय में छात्र-छात्राओं का पहला चरण आगामी सोमवार से शुरू होने जा रहा है। इसे उन्होंने क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि इससे ग्रामीण इलाकों के बच्चों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सांसद अजय भट्ट के नेतृत्व में जनजातीय छात्रों के लिए लगातार काम किया जा रहा है, जिसका लाभ अब ज़मीन पर दिखाई दे रहा है।

राजेश कुमार ने कहा कि एकलव्य विद्यालय आदिवासी और पिछड़े वर्ग के बच्चों के लिए एक नया अवसर है, जहां उन्हें शिक्षा के साथ आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित करने का मौका मिलेगा।

निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।