हरिद्वार के महिला अस्पताल से एक शर्मनाक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक गर्भवती महिला दर्द से तड़प रही थी, लेकिन ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने उसे भर्ती नहीं किया, जिससे महिला को फर्श पर ही बच्चा जन्म देना पड़ा।

सूत्रों के अनुसार, बीते सोमवार को हरिद्वार के ब्रह्मपुरी क्षेत्र से एक गर्भवती महिला प्रसव के लिए अस्पताल लाई गई थी। रात 9:30 बजे ड्यूटी पर डॉक्टर सलोनी पंथी ने डिलीवरी से इनकार किया और महिला के साथ दुर्व्यवहार किया। महिला के साथ आई आशा कार्यकर्ता के साथ भी अभद्रता हुई। अंततः आशा कार्यकर्ता की मदद से महिला ने फर्श पर ही बच्ची को जन्म दिया, और इसके बाद महिला को भर्ती किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए, सीएमओ डॉक्टर आरके सिंह ने प्रमुख अधीक्षक से 24 घंटे में जांच रिपोर्ट मांगी। जांच में डॉक्टर सलोनी पंथी दोषी पाई गईं और उनकी सेवाएं तत्काल समाप्त कर दी गईं। लापरवाह नर्सिंग स्टाफ पर भी सख्त कार्रवाई की गई।
सीएमओ ने स्पष्ट किया कि अस्पताल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
