एकेश्वर ब्लॉक के ईडा मल्ला गांव में महिला पर हमला करने के बाद वन विभाग की ओर से लगाए गए पिंजरे में शनिवार तड़के एक गुलदार कैद हो गया। पकड़े गए गुलदार को वन विभाग की टीम रेंज मुख्यालय ले गई है, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह 55 वर्षीय लीला देवी पत्नी बलदेव सिंह खेत में काम कर रही थीं। इसी दौरान गुलदार ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गईं। घटना के बाद गढ़वाल वन प्रभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घटनास्थल के पास पिंजरा लगाया था।
शनिवार तड़के गुलदार के पिंजरे में कैद होने के बाद वन विभाग की टीम उसे रेंज मुख्यालय ले गई। अधिकारियों के मुताबिक, मेडिकल जांच के बाद गुलदार के संबंध में विस्तृत जानकारी दी जाएगी और आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
