पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने पंतनगर स्थित मस्जिद कॉलोनी और बाल्मीकि कॉलोनी में पहुंचकर स्थानीय निवासियों के साथ संवाद किया तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि किसी भी परिस्थिति में उन्हें उजड़ने नहीं दिया जाएगा और उनके हितों की रक्षा के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि हाल ही में खटीमा प्रवास के दौरान इस मुद्दे को उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष प्रमुखता से रखा है। मुख्यमंत्री के साथ इस विषय पर विस्तृत चर्चा हुई है और सकारात्मक समाधान की दिशा में प्रयास जारी हैं।

पूर्व विधायक ने कहा कि सरकार आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है और किसी भी परिवार के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने लोगों से संयम बनाए रखने की अपील करते हुए आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

बैठक में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे, जिन्होंने अपनी समस्याएं साझा कीं और पूर्व विधायक की पहल पर भरोसा जताते हुए शीघ्र समाधान की उम्मीद व्यक्त की।

