चंपावत। जिले में एक नाबालिग किशोरी के साथ कथित गैंगरेप की घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने भाजपा के एक पूर्व मंडल उपाध्यक्ष समेत तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, 16 वर्षीय किशोरी अपने पिता के साथ इलाज के सिलसिले में चंपावत आई थी। उपचार के बाद पिता गांव लौट गए, जबकि किशोरी अपनी सहेली की शादी में शामिल होने के लिए शहर में ही रुक गई। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक उसे शादी में ले जाने के बहाने अपने साथ ले गया।
परिजनों के अनुसार, देर रात तक किशोरी के घर न लौटने और मोबाइल फोन बंद मिलने पर उसकी तलाश शुरू की गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से खोजबीन के बाद अगले दिन सुबह वह एक कमरे में बंधी हुई अवस्था में मिली।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि तीन युवकों ने हथियारों के बल पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच प्रियंका मौर्या को सौंपी गई है, जबकि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
घटना को लेकर क्षेत्र में लोगों में भारी नाराजगी है और सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। इस संबंध में रेखा यादव ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.
