खटीमा/उधम सिंह नगर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने गृह क्षेत्र खटीमा के दौरे के दौरान सीमांत क्षेत्रों के विकास को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने दूरस्थ ग्राम बग्गा 54 में आयोजित ‘मुख्य सेवक जनसंवाद’ कार्यक्रम में भाग लेकर स्थानीय जनता से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना।

सीएम धामी ने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। राज्य सरकार भी इन्हीं लक्ष्यों को आगे बढ़ाते हुए सीमांत क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
ग्रामीणों की राजस्व ग्राम का दर्जा और भूमि अधिकार से जुड़ी मांगों पर मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि इस दिशा में प्रक्रिया तेजी से चल रही है। साथ ही उन्होंने गांव की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और आधारभूत सुविधाएं बढ़ाने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को देश में समानता और न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि उत्तराखंड से शुरू हुई यह पहल पूरे देश के लिए उदाहरण बनेगी। उन्होंने नकल विरोधी कानून का जिक्र करते हुए बताया कि इस सख्त व्यवस्था से 100 से अधिक नकल माफियाओं पर कार्रवाई हो चुकी है और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित किया गया है। इसके अलावा, राज्य में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के जरिए 33 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार दिया गया है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
गदरपुर में तैयारियों का निरीक्षण:
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने गदरपुर में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय क्याकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता के आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा, खिलाड़ियों की सुविधाएं, दर्शकों के बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, स्वच्छता और चिकित्सा सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान अरविंद पांडे भी मौजूद रहे।
रुद्रपुर में प्रेस वार्ता:
रुद्रपुर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर आयोजित प्रेस वार्ता में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने ‘विकास, विश्वास एवं जनकल्याण’ के तहत सरकार की उपलब्धियों को गिनाया और विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
