नैनीताल: विश्व प्रसिद्ध कैंचीधाम में स्थापना दिवस मेले से ठीक पहले विवाद भड़क गया। मेले की ड्यूटी में तैनात दो पुलिस सिपाहियों पर एक होमस्टे संचालक की बेटी से कथित छेड़खानी का आरोप लगा है, जिसके बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

जानकारी के मुताबिक, घटना मंदिर के पास स्थित एक होमस्टे में हुई। आरोप सामने आते ही क्षेत्र में तनाव बढ़ गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। गुस्साए लोगों ने दोनों सिपाहियों को पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट करते हुए पुलिस चौकी तक ले गए, जहां कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा हुआ।
आक्रोशित भीड़ ने पुलिस चौकी का घेराव कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान स्थानीय व्यापारियों और निवासियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और कहा कि इतने बड़े धार्मिक आयोजन से पहले इस तरह की घटना गंभीर चिंता का विषय है।
घटना के साथ ही लोगों का गुस्सा मेले से पहले लागू किए गए ट्रैफिक प्रतिबंधों पर भी फूट पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि कैंचीधाम और नैनीताल जिले की सीमाओं पर समय से पहले बैरिकेडिंग कर दी गई है, जिससे श्रद्धालुओं, पर्यटकों और व्यापारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि क्षेत्र में कर्फ्यू जैसे हालात बना दिए गए हैं।
लाखों श्रद्धालुओं के आगमन से पहले हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं नैनीताल के एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने मामले की पुष्टि करते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
स्थापना दिवस जैसे महत्वपूर्ण आयोजन से पहले सामने आई इस घटना ने कैंचीधाम में पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच तनाव को बढ़ा दिया है।
