लालकुआं/हल्द्वानी, उत्तराखंड: हल्द्वानी में पुलिस ने स्पा सेंटर की आड़ में संचालित कथित देह व्यापार के एक संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने तिकोनिया क्षेत्र स्थित एक लग्जरी स्पा सेंटर पर छापेमारी कर महिला मैनेजर सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान छह युवतियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया, जबकि मुख्य संचालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस के मुताबिक, बृहस्पतिवार शाम नैनीताल रोड स्थित गुरु हरिकिशन कॉम्प्लेक्स की तीसरी मंजिल पर चल रहे ‘एमजे द लग्जरी स्पा सेंटर’ में अचानक छापा मारा गया। जांच के दौरान परिसर के भीतर संदिग्ध गतिविधियों की पुष्टि हुई। तलाशी में दो एंट्री रजिस्टर, 4,320 रुपये नकद और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई।
मैनेजर, सहयोगी और ग्राहक गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर की महिला मैनेजर, एक स्थानीय सहयोगी और दो ग्राहकों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
मुख्य संचालक फरार, तलाश तेज
छापेमारी के दौरान स्पा सेंटर का संचालक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस ने उसे भी नामजद करते हुए उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश देना शुरू कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार, उसकी भूमिका और नेटवर्क की कड़ियों की गहराई से जांच की जा रही है।
6 युवतियों का रेस्क्यू, काउंसलिंग जारी
मौके से रेस्क्यू की गई छह युवतियों को प्रारंभिक काउंसलिंग के बाद मुखानी स्थित वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है, जहां विशेषज्ञों द्वारा उनकी आगे की काउंसलिंग की जाएगी। प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें उनके परिजनों को सौंपा जाएगा।
कैंची धाम दर्शन के बाद पहुंचे थे ग्राहक
जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए दो युवक कैंची धाम दर्शन के लिए उत्तराखंड आए थे। दर्शन के बाद वे हल्द्वानी में रुके और इसी दौरान स्पा सेंटर पहुंचे, जहां पुलिस की कार्रवाई में पकड़े गए।
पहले से मिल रही थीं शिकायतें
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस स्पा सेंटर को लेकर पहले भी कई शिकायतें मिल चुकी थीं। लगातार इनपुट मिलने के बाद एएचटीयू और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त छापेमारी की योजना बनाई थी।
पुराने रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
सीओ सिटी अमित कुमार सैनी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पृष्ठभूमि की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क के तार किसी बड़े गिरोह से जुड़े हैं या नहीं। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि जांच में नए खुलासे और गिरफ्तारियां संभव हैं।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और फरार संचालक की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
