किच्छा। नगर पालिका परिषद किच्छा के अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर भाजपा ने अपना प्रचार अभियान और तेज कर दिया है। भाजपा प्रत्याशी संदीप अरोड़ा उर्फ सोनू ने पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के साथ नगर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान बालाजी मंदिर, पुराना अस्पताल, जनता इंटर कॉलेज समेत कई स्थानों पर नुक्कड़ सभाओं का आयोजन कर मतदाताओं से संवाद स्थापित किया गया।

जनसंपर्क के दौरान भाजपा नेताओं ने घर-घर पहुंचकर लोगों से मुलाकात की और नगर के विकास के लिए भाजपा प्रत्याशी को समर्थन देने की अपील की। विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने संदीप अरोड़ा एवं राजेश शुक्ला का स्वागत किया।
नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी संदीप अरोड़ा ने कहा कि वे किच्छा की जनता के बीच पले-बढ़े हैं और नगर की समस्याओं को नजदीक से जानते हैं। उन्होंने कहा कि जनता का आशीर्वाद मिलने पर सड़क, बिजली, पेयजल, नालियों की व्यवस्था, सफाई और जल निकासी जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही नगर के सभी वार्डों में आवश्यकता के अनुरूप विकास कार्य कराने का प्रयास किया जाएगा।
संदीप अरोड़ा ने कहा कि उनका लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि नगरवासियों के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए निरंतर संवाद और जनसेवा का सिलसिला जारी रखा जाएगा।
वहीं पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने सभा को संबोधित करते हुए भाजपा की विकास नीतियों और संगठन की कार्यशैली पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भाजपा सभी वर्गों को साथ लेकर क्षेत्र के विकास के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी संदीप अरोड़ा को समर्थन देने की अपील करते हुए कहा कि युवा नेतृत्व नगर की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान नगर की सड़क व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, बिजली, साफ-सफाई, जल निकासी और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर भाजपा नेता लवी सहगल, सुभाष तनेजा, विवेकदीप सिंह सहित पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
