सिरौली कला। नगर पालिका परिषद सिरौली कला क्षेत्र में संगठनात्मक ढांचे को और अधिक मजबूत करने की दिशा में कांग्रेस ने बड़ा कदम उठाते हुए तस्लीम रजा को क्षेत्र का कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा ने सिरौली कला पहुंचकर उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपा और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तस्लीम रजा का गर्मजोशी से स्वागत किया। जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा ने कहा कि पार्टी लगातार संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि तस्लीम रजा की नियुक्ति से क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और कांग्रेस की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
हिमांशु गाबा ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना और अधिक से अधिक युवाओं को कांग्रेस से जोड़ना है। उन्होंने विश्वास जताया कि तस्लीम रजा कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन विस्तार की दिशा में प्रभावी भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम में कांग्रेस नेता एन.यू. खान ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि तस्लीम रजा को मिली जिम्मेदारी से कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता मिलकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
नवनियुक्त कार्यवाहक अध्यक्ष तस्लीम रजा ने पार्टी नेतृत्व का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने, नए लोगों को पार्टी से जोड़ने और कांग्रेस की नीतियों को जनता तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम में कांग्रेस नेता सईदुल रहमान, हसनैन मलिक, पूर्व जिलाध्यक्ष नारायण पाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
