देहरादून: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी और उत्तराखंड के रहने वाले ऋषभ पंत अब अपने गृह राज्य में ही अपना आशियाना बनाना चाहते हैं। क्रिकेटर ने उत्तराखंड में जमीन खरीदने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मदद मांगी है। पंत का कहना है कि वह दिल्ली से अपना बेस उत्तराखंड शिफ्ट करना चाहते हैं और यहां अपना पहला घर बनाना चाहते हैं।

ऋषभ पंत ने 8 अगस्त को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मुख्यमंत्री धामी को टैग करते हुए अपनी इच्छा जाहिर की। उन्होंने बताया कि वह करीब तीन वर्षों से उत्तराखंड में अपने लिए उपयुक्त जमीन तलाश रहे हैं, लेकिन अभी तक उनकी जरूरत के मुताबिक जमीन नहीं मिल पाई है।
जमीन गिफ्ट में नहीं, खुद खरीदना चाहते हैं पंत
ऋषभ पंत ने अपनी पोस्ट में यह भी साफ किया कि वह सरकार से जमीन उपहार के रूप में नहीं मांग रहे हैं। वह निर्धारित सरकारी दर पर जमीन खरीदना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री से प्रक्रिया को लेकर मार्गदर्शन और सहयोग की अपील की है।
पंत ने कहा कि वह अपने मूल राज्य में वापस लौटकर यहां के लोगों के बीच रहना चाहते हैं। साथ ही, उत्तराखंड के विकास में भी अपना योगदान देने की इच्छा रखते हैं।
तीन साल से कर रहे हैं सही जमीन की तलाश
पंत के मुताबिक, दिल्ली से अपना बेस उत्तराखंड में शिफ्ट करने के लिए वह पिछले लगभग तीन साल से जमीन की तलाश कर रहे हैं। उन्होंने उस जमीन का भी जिक्र किया, जिसे राज्य को प्रमोट करने के दौरान उपलब्ध कराने का आश्वासन मिलने की बात उन्होंने अपनी पोस्ट में कही।
हालांकि, पंत ने यह स्पष्ट किया कि वह किसी तरह की मुफ्त सुविधा नहीं चाहते। उनकी प्राथमिकता नियमों के तहत जमीन खरीदकर अपना घर बनाना है।
CM धामी ने तुरंत दिया सहयोग का भरोसा
ऋषभ पंत की अपील पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पंत को उत्तराखंड का गौरव बताते हुए कहा कि क्रिकेटर ने अपने शानदार प्रदर्शन से देश और दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंत का अपने गृह राज्य के प्रति लगाव और यहां लौटकर प्रदेश के लिए काम करने की इच्छा सराहनीय है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने की बात कही। साथ ही भरोसा दिलाया कि अधिकारी जल्द ही पंत से संपर्क करेंगे और नियमों के तहत हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
उत्तराखंड में घर बनाने की इच्छा से खुश हुए प्रशंसक
ऋषभ पंत का उत्तराखंड से पुराना और गहरा रिश्ता रहा है। अब अपने गृह राज्य में पहला घर बनाने और यहीं से अपनी नई शुरुआत करने की उनकी इच्छा सामने आने के बाद उनके प्रशंसकों में भी उत्साह है।
पंत का यह कदम उत्तराखंड के प्रति उनके जुड़ाव को दर्शाता है। साथ ही, उनके राज्य में रहकर विकास कार्यों में योगदान देने की इच्छा से भी उनके प्रशंसक काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं।
