देहरादून: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सोमवार को पत्रकारवार्ता कर वंदे मातरम को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए वंदे मातरम महज एक गीत नहीं, बल्कि स्वतंत्रता आंदोलन, क्रांतिकारियों के बलिदान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। भट्ट ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ऐतिहासिक गलतियों को दोहरा रही है और राजनीतिक तुष्टिकरण के चलते राष्ट्रगीत के सम्मान से समझौता कर रही है।

महात्मा गांधी के विचारों का किया जिक्र
महेंद्र भट्ट ने कहा कि महात्मा गांधी ने वंदे मातरम को धर्म से ऊपर माना था। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ने गांधी जी के नाम पर राजनीतिक लाभ तो लिया, लेकिन उनकी विचारधारा को आगे बढ़ाने का काम नहीं किया।
उन्होंने कहा कि 24 जनवरी 1950 को डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत को समान दर्जा दिए जाने की बात कही थी। इसके बावजूद पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों ने इस दिशा में अपेक्षित कदम नहीं उठाए।
कांग्रेस के 1937 के प्रस्ताव पर भी साधा निशाना
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस के 1937 के प्रस्ताव को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ऐतिहासिक गलतियों की पुनरावृत्ति कर रही है। भट्ट ने कहा कि मोहम्मद अली जिन्ना ने जिस तरह वंदे मातरम का विरोध किया था, उसी तरह कांग्रेस भी अब इसका विरोध कर रही है।
उन्होंने कहा कि संविधान की बात करने वाली कांग्रेस को देश की एकता और संविधान की मूल भावना को प्राथमिकता देनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर एक वर्ग विशेष के तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया।
‘राष्ट्रगीत के सम्मान से नहीं होगा समझौता’
महेंद्र भट्ट ने कहा कि 15 अगस्त को लाल किले से राष्ट्रगीत को उसका खोया हुआ सम्मान मिला। उन्होंने बताया कि भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में भी राष्ट्रगीत के सम्मान को लेकर प्रस्ताव पारित किया गया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रगीत को किसी भी दबाव में झुकने नहीं दिया जाएगा। भट्ट के मुताबिक, किसी राजनीतिक दल का प्रस्ताव देश की संसद से ऊपर नहीं हो सकता।
वंदे मातरम को लेकर जन जागरण अभियान शुरू
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी वंदे मातरम को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जन जागरण अभियान चलाएगी। उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत सोमवार से कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि अभियान के जरिए लोगों को बताया जाएगा कि वंदे मातरम ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान देशवासियों को एकजुट करने और उनमें राष्ट्रभावना जगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
हरीश रावत पर भी साधा निशाना
महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बेहतर होता कि हरीश रावत अपनी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को वंदे मातरम के सम्मान और उसके गायन के लिए प्रेरित करते।
भट्ट ने कहा कि राष्ट्रगीत का सम्मान देश के सम्मान से जुड़ा विषय है और वंदे मातरम देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
