हल्द्वानी: बनभूलपुरा क्षेत्र स्थित एक निजी इंटर कॉलेज में सोमवार को यूनिट टेस्ट के दौरान अचानक अफरा-तफरी मच गई। परीक्षा के बीच एक छात्रा के चीखने-चिल्लाने के बाद कॉलेज में भूत-प्रेत की अफवाह फैल गई। इससे परीक्षा दे रही छात्राओं में दहशत फैल गई और कई छात्राएं घबराकर रोने लगीं। स्थिति को देखते हुए स्कूल प्रशासन ने छात्राओं को शांत कराया और बाद में छुट्टी कर दी।

छात्राओं की तबीयत बिगड़ने के बाद फैली अफवाह
जानकारी के मुताबिक, कॉलेज में कक्षा 10वीं और 11वीं की एक-दो छात्राओं ने चक्कर आने और तबीयत खराब होने की शिकायत की थी। इसी दौरान एक छात्रा अचानक चीखने लगी। उसकी आवाज सुनते ही आसपास बैठी छात्राएं घबरा गईं और परीक्षा कक्ष में हड़कंप मच गया।
कुछ ही देर में कॉलेज परिसर में छात्राओं के बीच भूत-प्रेत की बाधा की अफवाह फैल गई। देखते ही देखते कई छात्राएं डर गईं और कुछ रोने लगीं। इससे परीक्षा कक्षों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्कूल प्रशासन ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रशासन और शिक्षक मौके पर पहुंचे। छात्राओं को समझाकर शांत कराया गया और स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया गया। हालात को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर कॉलेज में छुट्टी कर दी।
स्कूल प्रवक्ता नीलम ने बताया कि कुछ छात्राओं की तबीयत बिगड़ने की शिकायत सामने आई थी। उन्होंने भूत-प्रेत से जुड़ी किसी भी बात को अफवाह बताया। उनके मुताबिक, प्रशासन ने छात्राओं को शांत कराया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो गई।
भूत-प्रेत की बात से स्कूल प्रशासन ने किया इनकार
परीक्षा के दौरान छात्रा के चीखने के बाद फैली अफवाह ने कुछ समय के लिए कॉलेज में डर का माहौल बना दिया। हालांकि, स्कूल प्रशासन ने साफ किया है कि भूत-प्रेत से जुड़ी कोई घटना सामने नहीं आई है। फिलहाल छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ने के कारणों को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
