काशीपुर: उत्तराखंड के काशीपुर में गुरुवार सुबह स्कूल जा रहे तीन छात्रों की बाइक को सब्जियों से लदी एक पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि 16 वर्षीय छात्र शिवम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, मुस्कामपुर परमानंदपुर निवासी शिवम पुत्र मनोज अपने दोस्तों अक्षय और वासु के साथ बाइक से पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, बरखेड़ी जा रहा था। शिवम और अक्षय कक्षा 10 के छात्र थे, जबकि वासु कक्षा 11 में अध्ययनरत है।
बताया जा रहा है कि बाजपुर रोड स्थित परमानंदपुर के पास सामने से आ रही सब्जियों से लदी पिकअप ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों छात्र सड़क पर जा गिरे। बाइक चला रहे शिवम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अक्षय और वासु गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और दोनों घायलों को सरकारी अस्पताल, काशीपुर पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों छात्रों की हालत गंभीर बनी हुई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि हादसे के बाद पिकअप चालक को हिरासत में ले लिया गया है। वाहन को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक छात्र के परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, स्थानीय लोगों ने स्कूल समय के दौरान तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के बेहतर इंतजाम की मांग की है।
