रुद्रपुर: बेलबाबा के पास हाईकोर्ट स्थापित किए जाने के फैसले पर रुद्रपुर समेत जिले के अधिवक्ताओं में खुशी है। लोकतंत्र सेनानी संघ और अधिवक्ताओं ने सरकार के निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।

लोकतंत्र सेनानी संघ के जिला बार के पूर्व अध्यक्ष एवं अधिवक्ता सुभाष चंद्र छाबड़ा ने कहा कि उत्तराखंड में हाईकोर्ट की स्थापना को लेकर जनता लंबे समय से मांग और संघर्ष करती रही है। करीब 25 वर्षों के इस संघर्ष के बाद अब यह मांग पूरी होने की दिशा में आगे बढ़ी है। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट की स्थापना से राज्य के लोगों को न्याय पाने में सुविधा होगी और न्याय व्यवस्था आम जनता के लिए अधिक सुलभ बनेगी।
उत्तराखंड बार काउंसिल के सदस्य और बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष दिवाकर पांडे ने भी निर्णय पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने इसे राज्य के अधिवक्ताओं और आम लोगों के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस अवसर पर बार के पूर्व कोषाध्यक्ष कमल कुमार चिलाना, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अभिनव छाबड़ा, नरेश कुमार छाबड़ा, सोमिल घीक, होमी कुरैशी, पलक गगनेजा, सिद्धनाथ मिश्रा, गौरव मिड्ढा, बॉबी सागर, अमित छाबड़ा और अजय यादव ने भी खुशी जताई।
वहीं, काशीपुर बार के पूर्व सचिव चरणजीत सिंह, सर्वजीत कुमार सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता डीडी गुणवंत, श्याम सुंदर स्वामी और गुरबाज सिंह नारंग समेत अन्य अधिवक्ताओं ने भी सरकार के निर्णय का स्वागत किया।
अधिवक्ताओं ने कहा कि हाईकोर्ट की स्थापना से न्यायिक सुविधाओं को मजबूती मिलने के साथ ही संबंधित क्षेत्र में आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है। उन्होंने सरकार से आगे की प्रक्रिया को निर्धारित समय में पूरा करने की उम्मीद जताई।
