रुद्रपुर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर नगर निगम सभागार में वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में शहर के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों से जुड़े वरिष्ठजनों को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने वरिष्ठ नागरिकों को माल्यार्पण करने के साथ शॉल और सम्मान पत्र भेंट किए।

कार्यक्रम में महापौर विकास शर्मा ने कहा कि नगर निगम की ओर से तैयार की जा रही डिजिटल लाइब्रेरी एवं ट्रेनिंग सेंटर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष स्थान विकसित किया जाएगा। यहां बुजुर्गों के बैठने, आपसी संवाद और मनोरंजन के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।
महापौर ने कहा कि किसी शहर का विकास केवल सड़क, नाली और भवन निर्माण तक सीमित नहीं होता। शहर के विकास में वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव और सुझाव भी महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम भविष्य में वरिष्ठजनों के साथ नियमित संवाद कर उनके सुझावों को विकास योजनाओं और जनसुविधाओं से जोड़ने का प्रयास करेगा।
वरिष्ठजनों के अनुभव को नई पीढ़ी से जोड़ने पर जोर
विकास शर्मा ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की महत्वपूर्ण धरोहर हैं। उनके अनुभव और संस्कार नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शन का काम कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों के अनुभव और युवाओं के तकनीकी ज्ञान को साथ लाकर समाज के लिए बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।

महापौर ने रुद्रपुर में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में शहर में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। उनके अनुसार गंगापुर रोड के चौड़ीकरण को शासन से मंजूरी मिल चुकी है, जबकि भूरारानी रोड और अटरिया रोड के चौड़ीकरण के प्रस्ताव भी प्रक्रिया में हैं।
कमल जिंदल ने पंडित दीनदयाल के विचारों का किया उल्लेख
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों का अनुभव और उनके संस्कार नई पीढ़ी के लिए महत्वपूर्ण हैं।
समारोह में जिला महामंत्री तरुण दत्ता, वरिष्ठ भाजपा नेता वेद ठुकराल समेत अन्य पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सतीश अरोरा ने किया।
