किच्छा: कांग्रेस विधायक और राज्य के पूर्व मंत्री तिलक राज बेहड़ के बेटे सौरभ राज बेहड़ पर रविवार शाम सुनियोजित तरीके से हमला किया गया. मोटरसाइकिल पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने सौरभ पर लाठियों और लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया. हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.

घायल सौरभ को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है. चिकित्सकों ने उन्हें आईसीयू में रखा है और लगातार निगरानी की जा रही है. डॉक्टरों के अनुसार, सौरभ की स्थिति फिलहाल नाजुक है.
पुलिस के मुताबिक, सौरभ रविवार शाम आवास विकास क्षेत्र में स्थित पुलिस चौकी जाने के लिए घर से निकले थे. इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे तीन नकाबपोश हमलावरों ने उन पर अचानक हमला कर दिया.
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधायक तिलक राज बेहड़ से फोन पर बात कर पूरे मामले की जानकारी ली और निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है.
हमले की खबर फैलते ही क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया. बड़ी संख्या में राजनीतिक दलों के नेता, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और समर्थक अस्पताल पहुंच गए. हालात को देखते हुए अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.
वहीं विधायक तिलक राज बेहड़ ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि समझौते के बहाने उनके बेटे को पुलिस चौकी बुलाया गया और उसी दौरान उस पर सुनियोजित हमला कराया गया. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है.
