चमोली: जिले के नंदप्रयाग–नंदानगर मोटर मार्ग पर सेरा गांव के पास रविवार देर शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई. नंदानगर से नंदप्रयाग की ओर जा रही एक अल्टो कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई. हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई.

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी. थाना नंदानगर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया. कड़ी मशक्कत के बाद चालक को खाई से बाहर निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नंदानगर भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सेरा गांव निवासी 26 वर्षीय सुरेंद्र सिंह पुत्र हिम्मत सिंह के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह नंदानगर बाजार से अपने गांव लौट रहे थे. हादसे में वाहन संख्या UK11 TA 3251 पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
पुलिस ने बताया कि रविवार देर शाम मनीष कुमार ने जाखणी, नंदानगर क्षेत्र में वाहन के खाई में गिरने की सूचना दी थी. सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां चालक खाई में पड़ा मिला. तत्काल रेस्क्यू कर उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी.
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
गौरतलब है कि उत्तराखंड में सड़क हादसों की संख्या लगातार बढ़ रही है. हाल ही में मसूरी के कैंपटी फॉल क्षेत्र में भी एक कार खाई में गिर गई थी, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं रविवार को हरिद्वार-लक्सर मार्ग पर कटारपुर गांव के पास कार और ई-रिक्शा की टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. इस दुर्घटना में चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका उपचार नजदीकी अस्पताल में जारी है.