रुद्रपुर: एलायंस कॉलोनी फ्लाईओवर पर स्कूटी सवार युवकों को स्कॉर्पियो से टक्कर मारने और इसके बाद मारपीट के मामले में पुलिस और भाजपा संगठन ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी सन्नी चुघ को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मामले में भाजपा नेता पारस चुघ का नाम सामने आने के बाद पार्टी ने उन्हें मंडल महामंत्री पद से हटाते हुए भाजपा से निष्कासित कर दिया है। पारस चुघ और सन्नी चुघ सगे भाई हैं।

7 अगस्त की रात हुआ था पूरा घटनाक्रम
मामला 7 अगस्त 2026 की रात एलायंस कॉलोनी गेट के पास फ्लाईओवर का है। गांधी कॉलोनी वार्ड नंबर 27 निवासी अंकित ने 8 अगस्त को रुद्रपुर कोतवाली में शिकायत दी थी।
शिकायत के अनुसार, अंकित का भाई अभिषेक और उसकी बुआ का बेटा जतिन स्कूटी से काशीपुर रोड की ओर से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई स्कॉर्पियो ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
हादसे में अभिषेक और जतिन सड़क पर गिरकर घायल हो गए। आरोप है कि इसके बाद स्कॉर्पियो चालक सन्नी चुघ कार से उतरा और दोनों युवकों के साथ मारपीट की। शिकायत में जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने और फोन कर अन्य लोगों को मौके पर बुलाने के आरोप भी लगाए गए हैं।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर गठित की टीम
पीड़ित पक्ष की तहरीर पर रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने 8 अगस्त को मुकदमा अपराध संख्या 413/2026 दर्ज किया। मामले की जांच के साथ आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस के मुताबिक, टीम ने 11 अगस्त को कार्रवाई करते हुए 32 वर्षीय सन्नी चुघ, निवासी भूरारानी वार्ड नंबर 32, को गंगापुर रोड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी को नियमानुसार न्यायालय में पेश कर रही है।

पारस चुघ पर BJP की सख्त कार्रवाई
मामले में भाजपा नेता पारस चुघ का नाम सामने आने के बाद पार्टी संगठन ने भी कार्रवाई की। भाजपा जिलाध्यक्ष कमल कुमार जिंदल के अनुसार, मामले को लेकर प्रदेश नेतृत्व और जिला संगठन स्तर पर निर्णय लिया गया।
भाजपा जिला महामंत्री रमेश जोशी की ओर से 10 अगस्त को जारी पत्र में कहा गया कि प्रदेश नेतृत्व और भाजपा जिला उधम सिंह नगर के जिलाध्यक्ष के निर्देश पर शहीद भगत सिंह मंडल के मंडल महामंत्री पारस चुघ को उनके पद से तत्काल प्रभाव से पदमुक्त करते हुए पार्टी से निष्कासित किया जाता है।
इस कार्रवाई के बाद भाजपा ने स्पष्ट किया है कि संगठन स्तर पर पारस चुघ के खिलाफ अनुशासनात्मक कदम उठाया गया है।
प्रभारी CO बोले- मुख्य आरोपी गिरफ्तार
प्रभारी सीओ अखिलेश कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई और कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की विवेचना कर रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी आरोपों, उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
