रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की में डाक कांवड़ के दौरान बड़ा हादसा टल गया। नगला इमरती गांव के पास दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर देर रात गंगाजल लेकर जा रहे एक कांवड़िए की चलती बाइक में अचानक आग लग गई। कुछ ही सेकेंड में आग ने पूरी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया और बाइक धू-धू कर जलने लगी। हालांकि, बाइक सवार समय रहते नीचे उतर गया और सुरक्षित बच गया।

सागर रत्ना होटल के पास हुआ हादसा
घटना नगला इमरती गांव स्थित सागर रत्ना होटल के पास की है। डाक कांवड़ के चलते हाईवे पर बड़ी संख्या में शिवभक्त अपने वाहनों से हरिद्वार से लौट रहे थे। इसी दौरान एक कांवड़िए की बाइक में अचानक आग भड़क उठी।
आग की लपटें देखते ही बाइक सवार ने वाहन रोककर तुरंत छलांग लगा दी। कुछ ही देर में बाइक पूरी तरह आग की चपेट में आ गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुलवाया रास्ता
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से जली हुई बाइक को सड़क से हटाकर किनारे कराया। इसके बाद हाईवे पर यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी।
हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। बाइक हालांकि पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
साइलेंसर हटाने से आग लगने की आशंका
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि बाइक सवार शिवभक्त सुरक्षित है और घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। शुरुआती जांच में बाइक का साइलेंसर हटाया जाना आग लगने की संभावित वजह सामने आई है।
एसपी देहात ने कांवड़ियों से अपील की कि वे वाहनों से साइलेंसर न हटाएं। उन्होंने कहा कि वाहन में इस तरह का बदलाव आग लगने समेत अन्य हादसों का खतरा बढ़ा सकता है। पुलिस और प्रशासन की ओर से कांवड़ यात्रा के दौरान लगातार लोगों को इस संबंध में जागरूक किया जा रहा है।
डाक कांवड़ के चलते हाईवे पर बढ़ी भीड़
डाक कांवड़ यात्रा अपने चरम पर है। हरिद्वार से बड़ी संख्या में शिवभक्त गंगाजल लेकर दिल्ली और आसपास के इलाकों की ओर लौट रहे हैं। इसके चलते दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है।
पुलिस लगातार कांवड़ियों से सुरक्षित तरीके से यात्रा करने और वाहनों में किसी तरह का तकनीकी बदलाव नहीं करने की अपील कर रही है। रुड़की की घटना में समय रहते बाइक से उतर जाने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।
