नैनीताल जिले के हल्द्वानी में चंदन अस्पताल ने चिकित्सा क्षेत्र में एक नई उपलब्धि दर्ज की है। यहां अब रोबोटिक तकनीक के माध्यम से सर्जरी की जा रही है और इस आधुनिक तकनीक से अब तक चार मरीजों के सफल ऑपरेशन किए जा चुके हैं।

चंदन अस्पताल के ज्वाइंट मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. परवेज अहमद ने बताया कि रोबोटिक तकनीक की मदद से रिनल सिस्ट डिकार्टिकेशन (गुर्दे की सर्जरी), रोबोटिक हर्नियोप्लास्टी (हर्निया ऑपरेशन) और रोबोटिक हिस्टरेक्टॉमी (गर्भाशय की सर्जरी) जैसी जटिल शल्य क्रियाएं सफलतापूर्वक संपन्न की गई हैं। उन्होंने इसे आधुनिक चिकित्सा क्षेत्र में क्रांतिकारी कदम बताया।
डॉ. परवेज ने कहा कि रोबोटिक सर्जरी में बेहद छोटे चीरे लगते हैं, जिससे रक्तस्राव और संक्रमण का खतरा कम होता है। इसके साथ ही मरीज की रिकवरी तेजी से होती है और ऑपरेशन के बाद दर्द भी कम रहता है।
चंदन अस्पताल में स्थापित वर्सियस रोबोटिक सर्जिकल सिस्टम अत्याधुनिक थ्री-डी हाई-डेफिनिशन विज़न और आधुनिक उपकरणों से लैस है। इस तकनीक से न केवल हल्द्वानी बल्कि पूरे कुमाऊं क्षेत्र के मरीज आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे। डॉ. परवेज ने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य कुमाऊं के लोगों को उच्च स्तरीय और सुरक्षित चिकित्सा सेवाएं प्रदान करना है, ताकि उनका बेहतर उपचार सुनिश्चित हो सके।
