काशीपुर के मोहल्ला महेशपुरा में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य के दौरान एक बीएलओ के साथ मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो युवकों ने बीएलओ को फर्जी बताकर पीटा और जान से मारने की धमकी देकर मौके से भगा दिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पीड़ित बीएलओ यश चौहान, निवासी आदर्श नगर मुरादाबाद रोड, ने पुलिस को बताया कि वह जीआईसी प्रतापपुर में कनिष्ठ सहायक के पद पर तैनात हैं। 20 दिसंबर को उन्हें विधानसभा क्षेत्र-63 के भाग संख्या 76, महेशपुरा पश्चिमी में एसआईआर कार्य सौंपा गया था।
यश चौहान के अनुसार, वह वर्ष 2003 की मतदाता सूची का वर्ष 2025 की सूची से मिलान कर मैपिंग कर रहे थे। इसी दौरान शाम करीब 4:45 बजे वह मोहल्ला महेशपुरा निवासी आशा देवी पत्नी रमेश चंद से जानकारी ले रहे थे। तभी आशा देवी का बेटा अजय बाबू अपने साथी ब्रजेश के साथ मौके पर पहुंचा और उनके साथ अभद्रता करने लगा। आरोप है कि दोनों ने उन्हें फर्जी बीएलओ बताते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया।
पुलिस ने अजय बाबू और ब्रजेश के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले की जांच एसआई मनोज सिंह धोनी को सौंपी गई है।
सीओ काशीपुर दीपक सिंह ने बताया कि एसआईआर जैसे महत्वपूर्ण कार्य में लगे बीएलओ पर हमला गंभीर मामला है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
