हल्द्वानी: नैनीताल जिले के लालकुआं कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार रात नेशनल हाईवे-109 पर एक नशे में धुत ट्रक चालक ने जमकर हंगामा खड़ा कर दिया। खनन सामग्री से लदा ट्रक तेज रफ्तार में कई वाहनों से टकरा गया, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी और जाम की स्थिति बन गई। सौभाग्य से हादसे में किसी की जान नहीं गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक ने सबसे पहले तेल डिपो के पास एक ऑटो को पीछे से टक्कर मारी। इसके बाद चालक बिना रुके आगे बढ़ता रहा और एक स्कॉर्पियो व बरेली नंबर की कार को भी टक्कर मार दी। इस दौरान एक बाइक सवार भी ट्रक की चपेट में आ गया। सभी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
कार में सवार श्रद्धालु कैंची धाम से दर्शन कर दिल्ली और बरेली लौट रहे थे। गनीमत रही कि सभी सुरक्षित बच निकले।
लगातार टक्करों के कारण हाईवे पर यातायात ठप हो गया। स्थानीय लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए ट्रक को लालकुआं बाजार से पहले फ्लाईओवर के पास रुकवाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर ट्रक को कब्जे में ले लिया। प्रारंभिक जांच में चालक के नशे में होने की पुष्टि हुई है।
घटना के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र लौटानी ने प्रशासन से तेज रफ्तार और ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि पहले भी इस मुद्दे को उठाया गया था, लेकिन प्रभावी कदम न उठाने से ऐसे हादसे लगातार हो रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।