रुद्रपुर: ऊधम सिंह नगर जनपद को खेल अवसंरचना के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। रुद्रपुर स्थित मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम में 15 करोड़ 72 लाख रुपये की लागत से 8 लेन वाला 400 मीटर का अत्याधुनिक सिंथेटिक ट्रैक बनकर तैयार हो गया है। अंतरराष्ट्रीय मानकों पर विकसित यह ट्रैक राज्य के एथलीट्स को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण सुविधा प्रदान करेगा।

ट्रैक की डिजाइन, मार्किंग और तकनीकी परीक्षण अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप कराए गए हैं। गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए रूस की विशेषज्ञ टीम द्वारा टेस्टिंग की गई। निर्माण कार्य पेयजल निर्माण निगम की देखरेख में पूरा हुआ, जिसमें तकनीकी मानकों और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया।

अब तक बेहतर अभ्यास के लिए खिलाड़ियों को देहरादून या अन्य राज्यों का रुख करना पड़ता था। नई सुविधा से ऊधम सिंह नगर और आसपास के जिलों के एथलीट्स को स्थानीय स्तर पर ही आधुनिक प्रशिक्षण वातावरण मिलेगा। सिंथेटिक ट्रैक पर अभ्यास से प्रदर्शन में सुधार, चोट की आशंका में कमी और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता में वृद्धि होगी।

स्टेडियम परिसर में निर्मित बैडमिंटन इंडोर हॉल का भी शीघ्र शुभारंभ किया जाएगा। इसके नवीनीकरण पर लगभग तीन करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इससे बैडमिंटन खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को निखारने और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सिंथेटिक ट्रैक युवाओं के सपनों को नई उड़ान देगा और उत्तराखंड के एथलीट्स को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा।