Airplane. Landscape with big white passenger airplane is flying in the red sky over the clouds at colorful sunset. Journey. Passenger airliner is landing at dusk. Business trip. Commercial plane
उधम सिंह नगर। उत्तराखंड के काशीपुर क्षेत्र से विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी और कथित मानव तस्करी का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के रामपुर निवासी दो भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित मंसूर आलम के अनुसार, टांडा बादली निवासी जाबिर और उसका भाई नादिर खुद को विदेश में रोजगार दिलाने वाला एजेंट बताते थे। उन्होंने मंसूर के भाई मुशीर आलम को दुबई में अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा दिया और वर्क परमिट का भरोसा दिलाया। इसके एवज में परिवार से यूपीआई के माध्यम से करीब दो लाख रुपये लिए गए।
बताया गया कि 19 जुलाई 2025 को मुशीर आलम दुबई पहुंचा, लेकिन वहां जाकर उसे पता चला कि उसे वर्क परमिट की बजाय टूरिस्ट वीजा पर भेजा गया है। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया।
परिवार का आरोप है कि जब उन्होंने आरोपियों से इस बारे में बातचीत की, तो उन्हें धमकाया गया और मुशीर को भारत वापस बुलाने के लिए अतिरिक्त 50 हजार रुपये की मांग की गई। परेशान होकर परिवार ने दुबई स्थित भारतीय दूतावास और विदेश मंत्रालय से संपर्क किया। बाद में स्वयं खर्च उठाकर मुशीर को भारत वापस लाया गया।
पीड़ितों का कहना है कि इस घटना के चलते मुशीर का पासपोर्ट भी ब्लैकलिस्ट हो गया है, जिससे उसके भविष्य के विदेश रोजगार पर संकट खड़ा हो गया है।
मामले में एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने जाबिर और नादिर के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं और आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम 2025 के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि जांच एसआई देवेंद्र सिंह सामंत को सौंपी गई है और पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
