देहरादून: उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। बोर्ड परीक्षाएं 21 फरवरी से शुरू होकर 20 मार्च 2026 तक आयोजित की जाएंगी। इस बार राज्यभर में कुल 2,16,121 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे, जिनके लिए 1,261 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।


माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती के अनुसार, हाईस्कूल परीक्षा में 1,12,679 और इंटरमीडिएट परीक्षा में 1,03,442 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए 50 एकल और 1,211 मिश्रित परीक्षा केंद्र तय किए गए हैं, जिनमें 24 नए केंद्र भी शामिल हैं।
उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद के सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी ने बताया कि कुल परीक्षा केंद्रों में से 156 को संवेदनशील और छह को अतिसंवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। हाईस्कूल स्तर पर 29 और इंटरमीडिएट स्तर पर 45 विषयों की लिखित परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। सभी उत्तर पुस्तिकाएं परीक्षा केंद्रों से उप-संकलन केंद्रों पर जमा कराई जाएंगी।
परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार, 21 फरवरी को इंटरमीडिएट की ड्राइंग एवं पेंटिंग की परीक्षा होगी। 23 फरवरी को इंटरमीडिएट की हिंदुस्तानी संगीत और टंकण, 24 फरवरी को हाईस्कूल की हिंदी तथा इंटरमीडिएट की हिंदुस्तानी संगीत, जबकि 25 फरवरी को इंटरमीडिएट की जीव विज्ञान और कृषि शस्य विज्ञान की परीक्षा आयोजित की जाएगी। बोर्ड परीक्षाएं 20 मार्च तक चलेंगी।
परिषद के अनुसार, हाईस्कूल की हिंदुस्तानी संगीत और व्यावसायिक ट्रेड की परीक्षाएं सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होंगी। बोर्ड ने परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
