हल्द्वानी: मृत महिला का शव सौंपने से पहले अतिरिक्त पैसे मांगने के गंभीर आरोप में हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने चंदन अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. परवेज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। यह घटना तीन जनवरी की बताई जा रही है, जिसमें पुलिस के हस्तक्षेप के बाद शव परिजनों को सौंपा गया।

अल्मोड़ा जिले के गोलना करड़िया, धारानौला निवासी नंदन बिरौड़िया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी पत्नी सीमा की तबीयत खराब होने पर उन्हें पहले सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तीन जनवरी की शाम डॉक्टरों ने सीमा को रेफर कर दिया, जिसके बाद परिजन उन्हें भोटियापड़ाव स्थित चंदन अस्पताल लेकर पहुंचे।
शिकायत के अनुसार, अस्पताल में भर्ती के समय 50 हजार रुपये नकद जमा कराए गए और करीब सात हजार रुपये जांचों पर खर्च हुए। शाम करीब 6:30 बजे सीमा को आईसीयू में शिफ्ट किया गया। इसके कुछ समय बाद अस्पताल प्रबंधन ने परिजनों को सूचित किया कि सीमा के दिल ने काम करना बंद कर दिया है और उनकी मृत्यु हो चुकी है।
आरोप है कि इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने शव सौंपने से पहले 30 हजार रुपये और मांगते हुए कहा कि भुगतान के बाद ही शव दिया जाएगा। पीड़ित परिवार की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और हस्तक्षेप कर शव पति नंदन को सौंपा गया।
कोतवाल विजय सिंह मेहता ने बताया कि नंदन की तहरीर के आधार पर चंदन अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. परवेज के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(3) के तहत जबरन वसूली का मामला दर्ज किया गया है।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि शिकायत मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
