ऊधमसिंहनगर जिले में ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों आरोपी मोबाइल फोन के जरिए आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर अवैध कमाई कर रहे थे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर जिलेभर में “अपराध मुक्त देवभूमि” अभियान के तहत अवैध गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना पुलभट्टा पुलिस और एसओजी रुद्रपुर की संयुक्त टीम को यह सफलता मिली।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक आईपीएल मैचों पर मोबाइल के माध्यम से सट्टा चला रहे हैं। सूचना के आधार पर छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमांशु रस्तोगी (निवासी इस्लामनगर, सितारगंज) और सौरभ कुमार (निवासी कुंवरपुर सिसैया, सितारगंज) के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से दो आईफोन और 40 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी ऑनलाइन सट्टेबाजी के जरिए मोटी रकम कमा रहे थे और आईपीएल मैचों पर दांव लगवा रहे थे।
मामले में थाना पुलभट्टा में जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑनलाइन सट्टेबाजी युवाओं को अपराध की ओर आकर्षित कर रही है, जिसे रोकने के लिए सख्त अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने साफ किया है कि जिले में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एसएसपी अजय गणपति ने युवाओं से अपील की है कि वे इस तरह की गैरकानूनी गतिविधियों से दूर रहें और कानून का पालन करें।
