उधम सिंह नगर: पंतनगर महाकुंभ की शुरुआत आज, युवाओं के विचारों का होगा संगम
पंतनगर। जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर में 21वें राष्ट्रीय युवा जागरण महोत्सव ‘युवा–2026’ का सोमवार से विधिवत शुभारंभ हो गया है। यह आयोजन 15 जनवरी तक चलेगा, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से आए युवा, शिक्षाविद और विषय विशेषज्ञ भाग लेकर युवा सशक्तिकरण और राष्ट्र-निर्माण से जुड़े मुद्दों पर मंथन करेंगे।

पूर्व अधिष्ठाता कृषि डॉ. एस.के. कश्यप ने बताया कि 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस स्वामी विवेकानंद की जयंती के रूप में मनाया जाता है। उनके विचारों में युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं, जो एक सशक्त, आत्मनिर्भर और मूल्यनिष्ठ समाज की नींव रखते हैं। इसी भावना के तहत 12 और 13 जनवरी को ‘मंथन’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मंथन कार्यक्रम में आईआईटी कानपुर, आईसीएआर–आईएआरआई, आरएलबीसीएयू झांसी, डुवासू मथुरा, उत्तरांचल विश्वविद्यालय, एमिटी विश्वविद्यालय सहित देश के 30 से अधिक विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों से शोधपत्र प्राप्त हुए हैं, जिनका प्रस्तुतीकरण किया जाएगा।
14 और 15 जनवरी को राष्ट्रीय स्तर की वाद-विवाद प्रतियोगिता ‘उद्भव’ आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता का विषय होगा— “डिजिटल अर्थव्यवस्था भारतीय युवाओं की वास्तविक आवश्यकताओं को पूरी तरह पूरा करने में सक्षम है”। यह प्रतियोगिता हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं में होगी, जिसमें देशभर से आए प्रतिभागी अपनी तार्किक सोच और वक्तृत्व कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
डॉ. कश्यप ने बताया कि इस वर्ष का महोत्सव “सांस्कृतिक जड़ें और डिजिटल शक्ति: तकनीकी नवाचार से सांस्कृतिक सुदृढ़ीकरण और राष्ट्र-निर्माण के लिए युवाओं का मार्गदर्शन” विषय पर केंद्रित है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य डिजिटल युग की चुनौतियों के बीच सांस्कृतिक मूल्यों को संरक्षित रखते हुए युवाओं को राष्ट्र-निर्माण की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना है।
इन विशिष्ट अतिथियों की रहेगी मौजूदगी:
महोत्सव में रामकृष्ण मिशन आश्रम के सचिव स्वामी आत्मश्रद्धानंद, पद्मश्री चैतराम पंवार, ग्रींस एंड ग्रेन्स के संस्थापक प्रतीक शर्मा, इंटेल कॉर्पोरेशन के उपाध्यक्ष व सॉफ्टवेयर इंजीनियर चावन मेहरा, अखिल भारतीय आईटी प्रमुख हार्दिक मेहता तथा चाणक्य आन्वीक्षिकी के लेखक एवं निदेशक डॉ. राधाकृष्णन पिल्लै सहित कई अन्य गणमान्य अतिथि शिरकत करेंगे।
