रुद्रपुर। ईदगाह बचाओ संघर्ष समिति के तत्वावधान में लोगों ने ईदगाह की जमीन को मुक्त कराने की मांग को लेकर उपवास किया। इस दौरान प्रशासन और नगर निगम से ईदगाह परिसर से कब्जा हटाकर उसे मुस्लिम समुदाय को सौंपने की मांग की गई।

उपवास कार्यक्रम का संचालन कर रहे पूर्व सांसद प्रतिनिधि साजिद खान ने कहा कि नगर निगम और प्रशासन ने सात दिसंबर को बिना पूर्व सूचना और सहमति के ईदगाह मैदान को बंद कर दिया, जो पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्रवाई से पहले मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों, समाजसेवियों तथा ईदगाह, मदरसा, मस्जिद, कब्रिस्तान, करबला और मजार जैसी संस्थाओं के पदाधिकारियों से कोई विचार-विमर्श नहीं किया गया।
साजिद खान ने कहा कि ईदगाह परिसर में बारात घर भी स्थित है, जहां वर्षों से सामाजिक और वैवाहिक कार्यक्रम आयोजित होते रहे हैं। परिसर बंद होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस मौके पर पार्षद परवेज कुरैशी, व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा और कांग्रेस नेता मोहन खेड़ा ने कहा कि ईदगाह परिसर में स्थित स्कूल और मदरसे के छात्र-छात्राओं के साथ ही आसपास के क्षेत्र के बच्चों से उनका खेल का मैदान छिन गया है, जिससे उनकी पढ़ाई और खेल गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।
ईदगाह कमेटी के सदर वाहिद मियां की अध्यक्षता में आयोजित उपवास कार्यक्रम में कैलाश भट्ट, शिवदेव सिंह, राजेश तिवारी, सुनीता, रविंदर कौर, पूर्व सभासद सलीम अहमद, नूर अहमद सहित कई लोग मौजूद रहे।
