हल्द्वानी के कालाढूंगी रोड पर ऊंचा पुल के पास स्थित एक कार सर्विस सेंटर में रविवार दोपहर अचानक आग लग गई। आग सेंटर के स्पेयर पार्ट्स स्टोर और पब्लिक लाउंज वाले हिस्से में लगी। घटना के बाद कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई। आग से करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी समेत सोफा और अन्य फर्नीचर जलकर नष्ट हो गया।


सेंटर संचालक विजय कुमार के अनुसार, जिस हिस्से में आग लगी, वहां बिलिंग काउंटर भी बना हुआ था। आग की चपेट में आने से काउंटर पर रखी करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी और आसपास रखा फर्नीचर जल गया। घटना के दौरान सेंटर में मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
दमकल की दो गाड़ियों ने पाया आग पर काबू
आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और मुखानी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार ने बताया कि दमकल की टीम दो वाटर टेंडर लेकर घटनास्थल पर पहुंची और आग को फैलने से पहले ही नियंत्रित कर लिया। इससे आग को सर्विस सेंटर के अन्य हिस्सों तक पहुंचने से रोक लिया गया।
