खटीमा/चंपावत: उत्तराखंड के चंपावत जिले में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। टनकपुर-बिचई मार्ग पर तेज रफ्तार टैक्सी और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में टैक्सी चालक की मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर सवार तीन लोग घायल हो गए।

मृतक की पहचान 34 वर्षीय हरीश पुत्र मोहन राम के रूप में हुई है, जो पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट क्षेत्र के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि हरीश सवारियों को छोड़ने के बाद टनकपुर वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
यह दुर्घटना खटीमा-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिचई स्थित सेल्स टैक्स कार्यालय के पास सुबह करीब 7:30 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टैक्सी अचानक अनियंत्रित हो गई और सामने चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टैक्सी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और पुलिस ने चालक को बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस के जरिए उप जिला अस्पताल टनकपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के मुताबिक, सिर में गंभीर चोट लगने से हरीश की मौत हुई।
हादसे में ट्रैक्टर चालक दयाराम, उनकी पत्नी रामवती और एक अन्य महिला राजेश्वरी घायल हो गए। तीनों को टनकपुर उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
गौरतलब है कि चंपावत जिले में लगातार दूसरे दिन बड़ा सड़क हादसा हुआ है। इससे पहले बाराकोट क्षेत्र में कार के खाई में गिरने और आग लगने से दो लोगों की जान चली गई थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
