परभणी (महाराष्ट्र): महाराष्ट्र के परभणी जिले में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब यशवाड़ी गांव स्थित हनुमान मंदिर का सभा मंडप अचानक भरभराकर गिर पड़ा। इस हादसे में अब तक 6 श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
![]()
प्रशासन के मुताबिक, घटना दोपहर करीब 3:30 बजे की है। हादसे के वक्त मंदिर परिसर में श्रद्धालु मौजूद थे। छत गिरने के बाद अफरा-तफरी मच गई और कई लोग मलबे के नीचे दब गए। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि अब तक मलबे से करीब 25 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि 30 से 40 लोगों के अब भी दबे होने की आशंका जताई जा रही है। मौके पर पुलिस, जिला प्रशासन और बचाव दलों की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मंदिर के सभा मंडप का नवीनीकरण कार्य चल रहा था। नई छत को अस्थायी रूप से बांस और सेंटरिंग के सहारे टिकाया गया था, जो अचानक ढह गया और पूरा ढांचा गिर पड़ा।
Parbhani, Maharashtra: A pillar and a section of the roof collapsed at the Hanuman Temple complex in Yashwadi, Parbhani district, triggering a major rescue operation. 30–40 people are trapped under the debris. pic.twitter.com/y2PRLzvrSE
— IANS (@ians_india) June 20, 2026
बताया जा रहा है कि शनिवार को भगवान हनुमान की पूजा के चलते मंदिर में आम दिनों के मुकाबले ज्यादा भीड़ रहती है। हालांकि तेज गर्मी के कारण दोपहर में भीड़ कुछ कम थी, लेकिन फिर भी कई श्रद्धालु मंडप के नीचे मौजूद थे।
यह प्राचीन मंदिर क्षेत्र में आस्था का प्रमुख केंद्र है और हर शनिवार यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। प्रशासन ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि मलबे में अभी भी कई लोगों के फंसे होने की संभावना है।
फिलहाल, पूरे इलाके को घेर लिया गया है और राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
