हल्द्वानी में सड़क किनारे किए जा रहे अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम और जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से कड़ा अभियान चलाया। आईटीआई रोड और कार्यशाला रोड के दोनों ओर लंबे समय से किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे बनी कई कच्ची और पक्की दुकानों को ध्वस्त किया गया, जबकि अवैध रूप से लगाए गए ठेले और रेहड़ियों को जब्त कर लिया गया। प्रशासन के अनुसार, आईटीआई क्षेत्र के आसपास कुछ दुकानों में अवैध रूप से शराब परोसे जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसे गंभीरता से लेते हुए यह सख्त कदम उठाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण हटाने को लेकर पहले भी कई बार नोटिस और चेतावनियां दी गई थीं, लेकिन निर्देशों की अनदेखी की गई। इसी के चलते ध्वस्तीकरण और जब्तीकरण की कार्रवाई की गई। मौके पर मौजूद नगर आयुक्त परितोष वर्मा और सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान ने अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए आगे भी ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे, ताकि आम लोगों को सुगम यातायात और सुरक्षित वातावरण मिल सके। गौरतलब है कि पूर्व में भी नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाया गया था, बावजूद इसके कुछ लोगों ने दोबारा सड़क किनारे कब्जा कर लिया था।
रामनगर में भी हुई थी कार्रवाई:
बीते दिनों नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र में ग्राम पूछड़ी इलाके में वन भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी। पुलिस, प्रशासन और वन विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर जमीन को खाली कराया था। हालांकि इस कार्रवाई का स्थानीय लोगों ने विरोध किया और उत्पीड़न के आरोप लगाए, लेकिन प्रशासन ने कानून के तहत कार्रवाई जारी रखी।