नैनीताल जिले के हल्द्वानी में सड़क पर जानलेवा स्टंट करने वाले एक युवक के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। थार वाहन से खतरनाक स्टंट कर कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने न केवल वाहन को सीज किया है, बल्कि आरोपी के ड्राइविंग लाइसेंस को निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी ने साफ किया है कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ किसी भी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी।

शनिवार को हल्द्वानी–नैनीताल रोड पर शहीद पार्क के पास एक युवक थार वाहन से तेज रफ्तार में स्टंट करता दिखाई दिया। रात के समय सड़क पर गूंजते टायरों की आवाज से आसपास के लोग सहम गए, जबकि राहगीरों की जान भी खतरे में पड़ गई। इस खतरनाक स्टंटबाजी से कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना का वीडियो आसपास मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। वीडियो के संज्ञान में आते ही एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने तत्काल हल्द्वानी कोतवाली पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने जांच करते हुए देर रात आरोपी को थार वाहन सहित पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम ब्रह्मजोत सिंह पुत्र सुशांत सिंह, निवासी उदयपुर दौलतपुर, हल्द्वानी, जनपद नैनीताल बताया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। खतरनाक और लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में थार को सीज कर दिया गया है, जबकि आरोपी का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई भी जारी है।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने कहा कि स्टंटबाजी, अराजकता और गुंडागर्दी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सार्वजनिक सड़कों पर आम लोगों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ पुलिस की सख्त नजर बनी हुई है। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग की अपील की।
