श्रीनगर गढ़वाल: उत्तराखंड की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के अंतर्गत संचालित हेमवती नंदन बहुगुणा (HNB) बेस चिकित्सालय को नेशनल एक्रेडिटेशन बोर्ड फॉर हॉस्पिटल्स एंड हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स (NABH) की ओर से एंट्री लेवल हॉस्पिटल एक्रेडिटेशन प्रदान किया गया है। यह प्रमाणन इस बात का प्रमाण है कि अस्पताल मरीजों की सुरक्षा, उपचार की गुणवत्ता और स्वास्थ्य सेवाओं के राष्ट्रीय मानकों पर खरा उतर रहा है।

ई-मेल के जरिए मिली मंजूरी
क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (QCI) के अंतर्गत कार्यरत NABH ने अस्पताल को ई-मेल के माध्यम से प्रमाणन स्वीकृत होने की जानकारी दी है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, मेडिकल कॉलेज की टीम जल्द ही नई दिल्ली जाकर आधिकारिक प्रमाणपत्र प्राप्त करेगी।
9 महीने की मेहनत लाई रंग
NABH मानकों को पूरा करने के लिए अस्पताल में करीब नौ महीने तक लगातार सुधार और तैयारी की गई। इस पूरी प्रक्रिया का समन्वय डॉ. गौरी बिष्ट ने किया।
तैयारी पूरी होने के बाद मुंबई और दिल्ली से आए तीन विशेषज्ञों की टीम ने अस्पताल का तीन दिनों तक विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल का मूल्यांकन 170 गुणवत्ता मानकों के आधार पर किया गया। निरीक्षण में बताई गई कमियों को तय समय के भीतर दूर कर ऑनलाइन रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिसके बाद अस्पताल को यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रमाणन प्रदान किया गया।
मरीजों को मिलेगा बेहतर और सुरक्षित इलाज
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने इस उपलब्धि को पूरे अस्पताल परिवार की सामूहिक मेहनत का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि NABH प्रमाणन मिलने से मरीजों को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। साथ ही अस्पताल की कार्यप्रणाली राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप और अधिक मजबूत होगी।
पूरी टीम को मिला सम्मान
NABH समन्वयक डॉ. गौरी बिष्ट ने बताया कि यह उपलब्धि अस्पताल के सभी डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश रावत और पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह उत्तराखंड के सरकारी स्वास्थ्य तंत्र के लिए गर्व का क्षण है।
गढ़वाल क्षेत्र के लिए अहम स्वास्थ्य केंद्र
HNB बेस चिकित्सालय, श्रीनगर गढ़वाल मंडल का प्रमुख सरकारी अस्पताल है, जहां प्रतिदिन प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। हाल के वर्षों में अस्पताल ने इमरजेंसी सेवाओं को मजबूत किया है और OPD पंजीकरण प्रणाली को भी अधिक सरल और सुविधाजनक बनाया है।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि भविष्य में भी मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को लगातार ऊंचा उठाने के लिए सुधार कार्य जारी रहेंगे।
