उत्तरकाशी/लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का बुधवार सुबह अचानक निधन हो गया। इस खबर से पूरे राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव का उत्तराखंड से गहरा रिश्ता होने के चलते राज्य में भी दुख का माहौल देखा जा रहा है।

उत्तरकाशी से जुड़ा पारिवारिक नाता
अपर्णा यादव का मायका उत्तरकाशी जिले के डुंडा ब्लॉक स्थित सैंणी गांव में है। हालांकि उनका जन्म वर्ष 1990 में लखनऊ में हुआ था। उनके पिता अरविंद सिंह बिष्ट राज्य सूचना आयुक्त रह चुके हैं, जबकि उनकी मां अंबी बिष्ट लखनऊ विकास प्राधिकरण में संपत्ति अधिकारी के पद पर कार्य कर चुकी हैं।
2011 में हुई थी शादी
प्रतीक और अपर्णा यादव ने वर्ष 2011 में विवाह किया था। दोनों पहले मित्र थे और बाद में पारिवारिक सहमति से शादी के बंधन में बंधे। जहां प्रतीक यादव ने खुद को सक्रिय राजनीति से दूर रखा, वहीं अपर्णा यादव सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय बनी रहीं।
गांव में शोक की लहर
प्रतीक यादव के निधन की खबर जैसे ही सैंणी गांव पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल छा गया। ग्रामीणों ने इसे एक बड़ी क्षति बताते हुए कहा कि अपर्णा यादव का गांव से गहरा जुड़ाव रहा है और इस कठिन समय में पूरा गांव उनके परिवार के साथ खड़ा है।
सपा से बीजेपी तक का सफर
अपर्णा यादव ने 2017 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर लखनऊ कैंट सीट से चुनाव लड़ा था, जहां उन्हें रीता बहुगुणा जोशी से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद 2022 में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी जॉइन कर ली। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं।
